Skip to content
Social networks

28 लाख के जेवर चोरी की साजिश घर में ही रची गई, बहू निकली आरोपी

सारा समय मीडिया ऊंचाहार, रायबरेली। क्षेत्र के पूरनशाहपुर गांव में हुई 28 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में चौंकाने वाला तथ्य...

3 minutes read 0 comments
152 views

सारा समय मीडिया

ऊंचाहार, रायबरेली। क्षेत्र के पूरनशाहपुर गांव में हुई 28 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि चोरी की इस वारदात को किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि घर की ही महिला ने अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर चोरी किए गए आभूषण भी बरामद कर लिए हैं।

शनिवार को सीओ डलमऊ गिरिजा शंकर त्रिपाठी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पूरनशाहपुर निवासी अर्जुन यादव के घर दो दिन पहले चोरी की घटना हुई थी। चोर घर से करीब 40 हजार रुपये नकद और 28 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए थे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस का शक घर की महिला प्रीति यादव पत्नी अर्जुन यादव पर गया। पूछताछ में कथित तौर पर उसने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, महिला का अपने देवर से पैतृक आभूषणों को लेकर विवाद चल रहा था। वहीं, पति की बीमारी और इलाज में हो रहे खर्च के बीच पैतृक आभूषणों पर कब्जा पाने की मंशा से उसने चोरी की साजिश रची।

पुलिस ने आरोपी महिला की निशानदेही पर चोरी किए गए आभूषण बरामद कर लिए हैं। सीओ डलमऊ ने बताया कि आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

खुलासे में शामिल रही पुलिस टीम

इस चोरी की घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक मनबोध तिवारी, उप निरीक्षक सौरभ पांडेय, मुख्य आरक्षी पंकज कुमार तिवारी, आरक्षी प्रेमवीर, आरक्षी रिशांत बिश्नोई और महिला आरक्षी रश्मि शुक्ला शामिल रहीं। पुलिस अधिकारियों ने टीम की कार्रवाई के आधार पर चोरी की घटना का खुलासा किया।

Leave a comment

Write a Comment