Skip to content
Social networks

ऊंचाहार में मिशन शक्ति टीम ने बहू-बेटी सम्मेलन में महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक

महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी, बाल विवाह रोकने व बालिकाओं को शिक्षित करने पर दिया जोर सारा समय न्यूज नेटवर्क ऊंचाहार, रायबरेली। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर...

4 minutes read 0 comments

महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी, बाल विवाह रोकने व बालिकाओं को शिक्षित करने पर दिया जोर

सारा समय न्यूज नेटवर्क

ऊंचाहार, रायबरेली। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत थाना ऊंचाहार की मिशन शक्ति टीम ने  कस्बा ऊंचाहार में बहू-बेटी सम्मेलन आयोजित कर महिलाओं, बालिकाओं और पुरुषों को महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया।

मुख्यालय महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में मिशन शक्ति टीम ने उपस्थित लोगों को विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। टीम ने महिला सुरक्षा के लिए 1090, महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, एंबुलेंस सेवा 102, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930, अग्निशमन सेवा 101 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया।

महिलाओं को आश्वस्त किया गया कि 1090 पर शिकायत करने वाली महिला की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है। इसके साथ ही महिलाओं को रात्रि में सुरक्षित आवागमन के लिए उपलब्ध पुलिस सहायता एवं रात्रि महिला स्कॉर्ट व्यवस्था के बारे में भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति टीम ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताते हुए मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, मातृशक्ति वंदन योजना तथा आंगनबाड़ी पोषण योजना के संबंध में लोगों को जागरूक किया। टीम ने महिलाओं की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुना और उन्हें सुरक्षा, सहायता तथा सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाते हुए लोगों से बाल विवाह न करने की अपील की गई। साथ ही बालिकाओं को शिक्षित करने, उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देने और महिला सशक्तिकरण में परिवार एवं समाज की सकारात्मक भूमिका सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में थाना ऊंचाहार की मिशन शक्ति टीम से महिला उपनिरीक्षक सरोज सिंह, महिला आरक्षी ज्योति दीक्षित, महिला आरक्षी नेहा राठौर एवं महिला आरक्षी मानवी मौजूद रहीं। टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर बिना संकोच पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।

Leave a comment

Write a Comment