योगी-मोदी सरकार के हरित अभियान के बीच फलदार आम के पेड़ों पर चल रहा आरा, जिम्मेदारों की भूमिका पर उठे सवाल
सारा समय मीडिया
रायबरेली। एक तरफ केंद्र और प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण एवं हरित अभियान को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत हैं, वहीं दूसरी तरफ रायबरेली के ऊंचाहार क्षेत्र में हरे-भरे फलदार पेड़ों की कटान का मामला सामने आया है। आरोप है कि वन विभाग और पुलिस के कुछ जिम्मेदारों की कथित मिलीभगत से क्षेत्र में अवैध रूप से पेड़ों की कटान कराई जा रही है।
ताजा मामला ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के हादीपुर गांव का है। यहां प्राथमिक विद्यालय के सामने गुरुवार तड़के करीब तीन बजे से लगातार आम के फलदार हरे पेड़ों पर आरा चलाए जाने की सूचना है। सुबह के अंधेरे में चल रही इस कटान को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठने लगे हैं।
मामले की जानकारी मीडिया तक पहुंचने के बाद एक लकड़ी ठेकेदार ने कथित तौर पर स्थानीय हल्के के पुलिसकर्मी और वन विभाग के एक जिम्मेदार व्यक्ति की भूमिका को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। ठेकेदार के अनुसार, लकड़ी की खरीद कीमत 30 हजार रुपये का एक निर्धारित प्रतिशत कथित तौर पर संबंधित लोगों तक पहुंचाने के बाद हरे पेड़ों की कटान की जा रही है।
हालांकि, ठेकेदार द्वारा लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है। ऐसे में मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
अब सवाल यह है कि यदि फलदार हरे पेड़ों की कटान बिना वैध अनुमति के हो रही है तो इसकी जानकारी जिम्मेदार विभागों को क्यों नहीं हुई? क्या वन विभाग और पुलिस इस मामले में जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करेंगे या फिर पर्यावरण संरक्षण के दावे केवल कागजों तक सीमित रह जाएंगे?
मामले में वन विभाग और पुलिस के उच्चाधिकारियों से निष्पक्ष जांच कराकर अवैध कटान तथा कथित मिलीभगत के आरोपों की सच्चाई सामने लाने की अपेक्षा है।

Leave a comment