सारा समय मीडिया
रायबरेली। ऊंचाहार कस्बे के बस स्टैंड पर शनिवार शाम एक फर्नीचर की दुकान में संदिग्ध परिस्थितियों में भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के मुताबिक, प्रतापगढ़ जिले के कुंडा कस्बे के निवासी अब्दुल शकूर की ऊंचाहार बस स्टैंड पर एमआर (MR) नाम से फर्नीचर की दुकान है। शनिवार शाम अचानक दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने दुकान में रखे फर्नीचर और अन्य सामान को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
पीड़ित दुकानदार अब्दुल शकूर के मुताबिक, अग्निकांड में करीब 7 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। गनीमत रही कि दमकल टीम और स्थानीय लोगों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया।

Leave a comment