सारा समय मीडिया
रायबरेली। कांग्रेस की ओर से 1 नवंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय रैली में शामिल होने के लिए रायबरेली के ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र से 150 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता शनिवार को दिल्ली के लिए रवाना हुए। कार्यकर्ताओं को दो बसों के माध्यम से दिल्ली भेजा गया। इनमें एक बस ऊंचाहार ब्लॉक और दूसरी रोहनिया ब्लॉक के कार्यकर्ताओं के लिए निर्धारित की गई थी।
दोनों बसों को पूर्व विधायक कुंवर अजयपाल सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ दिल्ली में आयोजित रैली में देशभर के कांग्रेस कार्यकर्ता अपनी आवाज बुलंद करेंगे। उन्होंने कहा कि ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है।
नगर अध्यक्ष शाजू नकवी ने कहा कि कांग्रेस हमेशा आम लोगों, किसानों और युवाओं के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रही है। दिल्ली की रैली देश में बदलाव की दिशा तय करने वाली महत्वपूर्ण सभा साबित होगी।
बसों के रवाना होने के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद और राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगाए। इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष केदार सिंह, रेखा विश्वकर्मा, अनवर हुसैन, मोहम्मद अनवर और ज्योति पासवान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a comment