नसीराबाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर हनुमान मंदिर मोड़ के पास से दबोचा, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
सारा समय मीडिया
रायबरेली। जिले के नसीराबाद थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में मंदिर परिसर के आसपास गंदगी और मांस-मुर्गा डालने से मना करने पर पुजारी और ग्रामीणों के साथ मारपीट किए जाने के मामले में पुलिस ने छह वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 6 नवंबर 2026 की दोपहर करीब 1:50 बजे की है। आलमपुर गांव के बाहर स्थित भुइयारानी मंदिर के पुजारी कमलेश दास ने मंदिर परिसर के आसपास पशुओं को चराने तथा मांस, मुर्गा, बकरी और घरेलू कूड़ा-करकट डालने से कुछ लोगों को मना किया था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद कई लोगों ने एकराय होकर पुजारी कमलेश दास पर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे वादी शारदा बक्श सिंह और ग्रामीणों के साथ भी मारपीट की गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए।
पीड़ित की तहरीर पर नसीराबाद थाने में 149/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 8 नवंबर को नसीराबाद पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर हनुमान मंदिर मोड़ के पास से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में सरवर उर्फ इरफान, रिहान, असलम उर्फ बाबा, महफूज उर्फ रोहित, रहीस और अल्ताफ शामिल हैं। सभी आरोपी पूरे मोती सिंह मजरे आलमपुर थाना नसीराबाद के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने विवेचना के दौरान मुकदमे में बीएनएस की धारा 118(1) की बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की है। मामले में पुलिस की विवेचना जारी है।

Leave a comment