हरिजन बस्ती के निकट नीम के वृक्षों का कटान, क्षेत्र में लगातार उजड़ रहे हरे-भरे बागान
सारा समय न्यूज मीडिया| ऊंचाहार, रायबरेली।
ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र में हरे-भरे पेड़ों की कटाई का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला कोटियाचित्रा गांव का है, जहां हरिजन बस्ती के निकट वन माफियाओं द्वारा तीन हरे-भरे नीम के वृक्ष काट दिए गए। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में पेड़ों की कटाई का सिलसिला लगातार जारी है और बागानों को निशाना बनाया जा रहा है।
नीम को औषधीय गुणों से भरपूर वृक्ष माना जाता है। पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण जीवन में इसका विशेष महत्व है। इसके बावजूद कथित रूप से अवैध कटान करने वालों के हौसले इतने बुलंद हैं कि हरे-भरे वृक्षों को भी नहीं बख्शा जा रहा है।
स्थानीय स्तर पर यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि क्षेत्र में लगातार हो रहे कटान के पीछे पुलिस और संबंधित विभाग के कुछ जिम्मेदार लोगों की कथित मिलीभगत हो सकती है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र जांच होना आवश्यक है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर ऊंचाहार क्षेत्र में हरे-भरे बागानों पर लगातार आरा चलने के बावजूद जिम्मेदार विभाग मौन क्यों हैं? क्या वन विभाग को इन कटानों की जानकारी नहीं है या फिर शिकायतों और सूचनाओं के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है?
अब देखना यह है कि वन विभाग और ऊंचाहार पुलिस प्रशासन कोटियाचित्रा गांव में हुए नीम के वृक्षों के कटान का संज्ञान लेकर जांच कराते हैं और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हैं या फिर पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने का यह सिलसिला यूं ही जारी रहता है।

Leave a comment