Skip to content
Social networks

Untitled post

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ भूमि पूजन, गंगा महाआरती और भव्य दीपदान से जगमगाया गोकना घाट एसएस फाउंडेशन एवं सारा समय मीडिया समूह के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ धार्मिक कार्यक्रम, कार्तिक...

4 minutes read 0 comments
40 views

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ भूमि पूजन, गंगा महाआरती और भव्य दीपदान से जगमगाया गोकना घाट

एसएस फाउंडेशन एवं सारा समय मीडिया समूह के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ धार्मिक कार्यक्रम, कार्तिक मेले के निर्विघ्न आयोजन की कामना

सारा समय मीडिया

ऊँचाहार, रायबरेली। पवित्र कार्तिक मास की चतुर्दशी तिथि पर तीन दिवसीय ऐतिहासिक कार्तिक मेले के शुभारंभ से पूर्व गोकर्ण ऋषि की तपोस्थली गोकना गंगा घाट भक्ति और आस्था के रंग में सराबोर नजर आया। वैदिक मंत्रोच्चार, विधि-विधान से भूमि पूजन, मां गंगा की भव्य महाआरती और दीपदान के बीच पूरा गंगा तट आध्यात्मिक रोशनी से जगमगा उठा।

इस भव्य धार्मिक आयोजन का संयोजन एसएस फाउंडेशन एवं सारा समय मीडिया समूह के तत्वावधान में किया गया। इसमें सहयोगी संस्था मां गंगा गोकर्ण जनकल्याण सेवा समिति की महत्वपूर्ण सहभागिता रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान गौरी-गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात भगवान भोलेनाथ का पूजन कर तीन दिवसीय कार्तिक मेले के सफल, सुरक्षित एवं निर्विघ्न आयोजन की मंगलकामना की गई। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के अनुरूप विधि-विधान से भूमि पूजन संपन्न कराया गया।

भूमि पूजन के उपरांत मां गंगा की विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद श्रद्धा और भक्ति के साथ गंगा महाआरती की गई। महाआरती के दौरान गूंजते मंत्रों और मां गंगा के जयकारों से पूरा घाट भक्तिमय हो गया। वहीं, भव्य दीपदान के आयोजन ने गंगा तट की सुंदरता में चार चांद लगा दिए। जलती हुई दीपमालाओं से जगमगाता घाट श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण और आध्यात्मिक अनुभूति का केंद्र बना रहा।

इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने मां गंगा से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की प्रार्थना की। आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को अभिव्यक्त किया, बल्कि कार्तिक मेले की प्राचीन परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को भी जीवंत किया।

कार्यक्रम में नायब तहसीलदार अभय प्रताप सिंह तोमर, राजस्व निरीक्षक चंद्र कुमार दीक्षित, संस्था के संरक्षक रतीपाल शुक्ल, चच्चू सिंह, बोधनारायण शुक्ल, राधेश्याम, राजेंद्र प्रसाद शुक्ल पाठक, मोहन लाल, बृजेश तिवारी, संतोष शुक्ल, अमित शुक्ल, फाउंडेशन के प्रबंधक सूरज शुक्ल, सजीत मिश्र सहित संस्था के पदाधिकारी एवं सदस्य तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से कार्तिक मेले में पहुंचकर धार्मिक आयोजनों में सहभागिता करने और गोकना गंगा घाट की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने की अपील की।

Leave a comment

Write a Comment