Skip to content
Social networks

शिवा शर्मा मर्डर केस: लखनऊ कोर्ट ने श्रद्धा दुबे को 10 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा, बहन और ड्राइवर भी गिरफ्तार

सारासमय मीडिया लखनऊ। महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार की गई श्रद्धा दुबे को लखनऊ की अदालत ने 10 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इस मामले में श्रद्धा की...

3 minutes read 0 comments

सारासमय मीडिया

लखनऊ। महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार की गई श्रद्धा दुबे को लखनऊ की अदालत ने 10 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इस मामले में श्रद्धा की बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश को भी गिरफ्तार किया गया है। तीनों को मंगलवार को नागपुर के एक अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद पुलिस उन्हें लखनऊ लेकर आई।

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे श्रद्धा हजरतगंज थाने पहुंची। इस दौरान वह अपना चेहरा छिपाती नजर आई। हाथ उठाकर चेहरा ढकते हुए वह थाने के अंदर गई। पुलिस ने श्रद्धा से करीब 6 घंटे 35 मिनट तक पूछताछ की। वहीं, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश से भी अलग-अलग पूछताछ की गई।

सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान श्रद्धा पुलिस के सामने चुप्पी साधे रही। वह बार-बार कहती रही कि उससे नहीं, बल्कि उसके वकील से बात की जाए। इसके बाद पुलिस तीनों आरोपियों को एक ही वैन में बैठाकर मेडिकल परीक्षण के लिए सिविल अस्पताल ले गई। वहां करीब 35 मिनट तक तीनों का मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से श्रद्धा दुबे को 10 दिन के लिए जेल भेज दिया गया।

फ्लैट से गिरकर हुई थी कारोबारी शिवा शर्मा की मौत

गौरतलब है कि लखनऊ में 9 अक्टूबर को कारोबारी शिवा शर्मा की श्रद्धा के फ्लैट से गिरकर मौत हो गई थी। शिवा की मां ने श्रद्धा के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कराई थी। इस मामले के बाद से श्रद्धा फरार चल रही थी। पुलिस ने तलाश के दौरान श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश को नागपुर से गिरफ्तार किया।

फिलहाल, मामले में पुलिस की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है। आरोपों की सच्चाई का निर्धारण जांच और न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर होगा।

Leave a comment

Write a Comment