सारा समय मीडिया
रायबरेली। मिल एरिया थाना क्षेत्र के गौरीगंज हरदासपुर चौराहे पर गैस सिलेंडर से आग लगने के बाद एक दुकान में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में करीब तीन लाख रुपये के नुकसान का दावा किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, चौराहे पर स्थित दुकान मालिक सुशील कुमार गुप्ता की दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखा सामान इसकी चपेट में आ गया। आग लगने की सूचना पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया।
दुकान मालिक सुशील कुमार गुप्ता के अनुसार, अग्निकांड में करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना से उन्हें आर्थिक क्षति पहुंची है। राहत की बात यह है कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

Leave a comment